GLOBE

प्लास्टिक मुक्त रायबरेली अभियान की शुरुआत, डीएम ने दिखाई हरी झंडी

प्लास्टिक मुक्त रायबरेली अभियान के तहत डीएम ने राही से की शुरुआत

रायबरेली में प्लास्टिक मुक्त रायबरेली अभियान की शुरुआत विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने की। उन्होंने ग्राम पंचायत राही में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन सेवा की शुरुआत करते हुए कूड़ा गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस अभियान का उद्देश्य रायबरेली को प्लास्टिक मुक्त बनाना और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह अभियान 5 जून से 30 जून 2025 तक चलेगा, जिसमें जिले के समस्त ग्रामीण क्षेत्रों को शामिल किया गया है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि “रायबरेली को रमणीय और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है।” उन्होंने ग्रामीणों से प्लास्टिक का उपयोग बंद करने और पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील की। साथ ही, उन्होंने ‘अपनी रायबरेली – रमणीय रायबरेली’ संकल्प को भी दोहराया।

स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत जिला पंचायत राज अधिकारी सौम्य शील सिंह ने बताया कि सभी आर०आर०सी० (Resource Recovery Centres) का संचालन सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) और सचिव ग्राम पंचायत की निगरानी में किया जाएगा। साथ ही, सफाई कर्मियों को गांवों से प्लास्टिक एकत्र कर आर०आर०सी० तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ads

विकासखंड शिवगढ़ और महराजगंज में स्थापित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट (PWUMU) का व्यक्तिगत निरीक्षण कर जिला पंचायत राज अधिकारी ने उनके अनवरत संचालन के निर्देश दिए। इन यूनिटों में एकत्र प्लास्टिक से होने वाली आय का ग्राम पंचायतों में नियमानुसार वितरण किया जाएगा।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत राही की 100 महिलाओं के साथ विशेष बैठक की गई, जिसमें उन्हें प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों और इसके समाधान के बारे में जागरूक किया गया। महिलाओं ने इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अर्पित उपाध्याय, खंड विकास अधिकारी गौरी सिंह राठौर, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक मिसाल बनेगी, बल्कि रायबरेली को स्वच्छ और हरित जिला बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

📲 समाचार सीधे व्हाट्सएप पर पाएं
देश-दुनिया की राजनीति, विकास और सामाजिक विषयों पर ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।
👇
🔗 WhatsApp Group Join Link

Exit mobile version