बहराइच। सहाबा विद्युत सब स्टेशन पर कर्मचारियों की मनमानी और लापरवाही को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में उपभोक्ता उपकेंद्र पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उपभोक्ताओं का कहना है कि उनकी समस्याओं का समाधान न होने तक आंदोलन जारी रहेगा और वे सब स्टेशन पर धरना देने को भी तैयार हैं।
प्रदर्शनकारियों को इलाके के विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों का समर्थन भी मिला। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने लोगों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अधिकारियों की मौजूदगी और समस्या के समाधान पर अड़े रहे।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। जब आपूर्ति शुरू हुई तो वोल्टेज इतना कम था कि घरों में न तो रोशनी हो पाई और न ही पंखे या अन्य उपकरण चल सके। रोस्टर से ज्यादा बिजली कटौती ने भी उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दीं।
लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद लाइनमैन और विद्युत विभाग के अधिकारियों ने फोन रिसीव नहीं किया। इससे उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई। आक्रोशित उपभोक्ता शुक्रवार को उपकेंद्र पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में मौजूद उपभोक्ता शिवराज सिंह ने कहा कि विभागीय अधिकारी बिल्कुल भी गंभीर नहीं हैं। यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अब उनकी सहनशक्ति जवाब दे चुकी है और जब तक ठोस कार्रवाई नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।
📲 समाचार सीधे व्हाट्सएप पर पाएं
देश-दुनिया की राजनीति, विकास और सामाजिक विषयों पर ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।
👇
🔗 WhatsApp Group Join Link


