November 13, 2025

फाजिलनगर ने खोया अपना जननायक: नगर पंचायत अध्यक्ष शत्रुमर्धन शाही का निधन

फाजिलनगर (कुशीनगर)।
नगर पंचायत फाजिलनगर के अध्यक्ष शत्रुमर्धन शाही उर्फ बबुआ जी (48 वर्ष) का निधन लखनऊ के मैक्स हॉस्पिटल में इलाज के दौरान हो गया। वे पिछले कुछ महीनों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई।

ads

शत्रुमर्धन शाही ने नगर पंचायत चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़ा और जनता के समर्थन से अध्यक्ष पद तक पहुंचे। अपने कार्यकाल में उन्होंने विकास कार्यों को प्राथमिकता दी और आम जनता के बीच हर समय उपलब्ध रहने वाले नेता के रूप में पहचान बनाई। राजनीति के साथ ही वे खेल जगत से भी गहराई से जुड़े रहे। शहीद मेयर अमीय त्रिपाठी क्रिकेट टूर्नामेंट में अध्यक्ष की भूमिका निभाते हुए उन्होंने प्रतियोगिता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

उनकी अंतिम यात्रा के दौरान फाजिलनगर की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। बेटे सूर्यांश शाही ने मुखाग्नि देकर अपने पिता को अंतिम विदाई दी। इस भावुक पल ने लोगों की आंखें नम कर दीं। नगर पंचायत के अंतर्गत आने वाली सभी दुकानें दिवंगत अध्यक्ष के सम्मान में बंद रहीं। पूरा नगर गमगीन माहौल में डूबा रहा।

ads

शोकसभा और अंतिम यात्रा में जिले के विभिन्न नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, व्यापारी, पत्रकार और समाजसेवी बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूर्व आरटीओ अजय त्रिपाठी, कसया नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश जायसवाल, समाजसेवी संजय मणि त्रिपाठी सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के लोग उपस्थित रहे।

शत्रुमर्धन शाही अपने पीछे वृद्ध मां, छोटे भाई-बहन, पत्नी, पुत्र और पुत्री समेत पूरे परिवार को छोड़ गए। उनकी मिलनसार शख्सियत और जनता के बीच लोकप्रियता हमेशा याद की जाएगी। फाजिलनगर आज अपने जननायक नेता को खोने के गम में डूबा है।

📲 समाचार सीधे व्हाट्सएप पर पाएं
देश-दुनिया की राजनीति, विकास और सामाजिक विषयों पर ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।
👇
🔗 WhatsApp Group Join Link

Related Post