लखीमपुर खीरी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को दुधवा टाइगर रिजर्व का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थारू समाज की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का अवलोकन किया और विशिष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने विदेशी पर्यटकों से भी संवाद किया और रिजर्व की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने थारू समाज की महिलाओं के उत्पादों और स्वयं सहायता समूह द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान मानव-वन्य जीव संघर्ष को न्यूनतम करने के लिए प्रयुक्त ट्रैक्युलाइज्ड गन, ट्रेल कैमरा, ड्रोन और रैपिड रिस्पांस टीम (RRT) की प्रदर्शनी भी देखी। उन्होंने डॉक्टरों से भी वन्य जीव चिकित्सा सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
Read it also : जेपी इंटर कॉलेज के छात्रों ने यूपी बोर्ड परीक्षा में लहराया मेधा का परचम
मुख्यमंत्री योगी ने सलूकापुर हाथी कैंप का दौरा कर शिशु हथिनी का नामकरण किया। उन्होंने नन्हीं हथिनी का नाम ‘भवानी’ रखा और हाथियों को केला व चारा भी खिलाया।
निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, वन राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, राज्यमंत्री केपी मलिक, प्रमुख सचिव (वन) अनिल कुमार, वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व दुधवा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर एच. राजमोहन समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पर्यटकों और वन्य जीवों दोनों की बेहतरीन देखभाल सुनिश्चित करें और सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराएं।