रायबरेली। जिले का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। ओलंपियन और पद्मश्री से सम्मानित सुधा सिंह को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार चयन समिति में सदस्य के रूप में नामित किया गया है। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) द्वारा यह नियुक्ति की गई है, जिसकी जानकारी मिलते ही रायबरेली के खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई।
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष बहादुर सिंह सागू द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार, सुधा सिंह को समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। यह वही समिति है जो देश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को दिए जाने वाले राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के चयन की जिम्मेदारी निभाती है। इस समिति में अध्यक्ष के अलावा चार सदस्य नामित किए गए हैं।
भारत सरकार द्वारा खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले खिलाड़ियों को तीन प्रमुख पुरस्कार — राजीव गांधी खेल रत्न अवार्ड, द्रोणाचार्य अवार्ड और अरुणा एवं मेजर ध्यानचंद अवार्ड — प्रदान किए जाते हैं। इनमें राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार सर्वोच्च सम्मान माना जाता है। सुधा सिंह की इस नियुक्ति को न केवल एथलेटिक्स जगत, बल्कि रायबरेली के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
सुधा सिंह के चयन पर जिले के कई खेलप्रेमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हर्ष जताया है। आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी राष्ट्रीय स्मारक समिति के अध्यक्ष विनोद शुक्ला, यूथ एक्टिविटी फोरम के अध्यक्ष अमर द्विवेदी, महामंत्री सुधीर द्विवेदी, बैडमिंटन संघ के जिलाध्यक्ष विनोद शुक्ला, सामाजिक कार्यकर्ता गौरव अवस्थी, मुन्नालाल साहू, अजय सिंह चंदेल, लक्ष्मीकांत शुक्ला और रोटरी क्लब के राजीव भार्गव ने सुधा सिंह को बधाई दी है।
रायबरेली की इस बेटी ने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का परचम लहराया है। अब खेल रत्न पुरस्कार चयन समिति में उनकी भूमिका आने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
📲 समाचार सीधे व्हाट्सएप पर पाएं
देश-दुनिया की राजनीति, विकास और सामाजिक विषयों पर ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।
👇
🔗 WhatsApp Group Join Link
