November 13, 2025

JNU छात्र संघ चुनाव की तारीख तय, 4 नवंबर को होगा मतदान

JNU छात्र संघ चुनाव 2025: 4 नवंबर को मतदान और 6 नवंबर को नतीजे घोषित

नई दिल्लीJNU छात्र संघ चुनाव 2025 की उलटी गिनती शुरू हो गई है। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) की चुनाव समिति ने छात्र संघ चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। 4 नवंबर 2025 को मतदान होगा, जबकि नतीजे 6 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। इस बार चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए समिति ने सभी चरणों की तारीखें स्पष्ट कर दी हैं।

चुनाव समिति के चेयरपर्सन रविकांत ने जानकारी दी कि अस्थायी मतदाता सूची 24 अक्टूबर को प्रदर्शित की जाएगी। उसी दिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदाता सूची में सुधार या नया नाम जोड़ने की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद 25 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक नामांकन पत्र जारी किए जाएंगे।

नामांकन प्रक्रिया 27 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे से शाम 5 बजे तक पूरी होगी। 28 अक्टूबर को मान्य नामांकनों की सूची जारी होगी और दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे। इसी दिन शाम 7 बजे अंतिम उम्मीदवारों की सूची प्रकाशित होगी। उसी रात 8 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस और उम्मीदवारों के साथ मीडिया ब्रीफिंग आयोजित की जाएगी।

विश्वविद्यालय में 29 से 31 अक्टूबर तक स्कूल स्तर पर जनरल बॉडी मीटिंग्स (GBMs) होंगी। इसके बाद 1 नवंबर को विश्वविद्यालय स्तर पर सामान्य निकाय बैठक होगी। वहीं 2 नवंबर की रात 8 बजे अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के बीच डिबेट (बहस) होगी। 3 नवंबर को ‘नो कैंपेन डे’ घोषित किया गया है, जिसमें किसी भी प्रकार का प्रचार नहीं किया जा सकेगा।

मतदान 4 नवंबर को दो चरणों में होगा—पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक। वोटों की गिनती उसी दिन रात 9 बजे से शुरू होगी, जबकि JNU छात्र संघ चुनाव 2025 के परिणाम 6 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

यह चुनाव जेएनयू की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि यह राष्ट्रीय स्तर पर छात्र राजनीति के रुझान को भी दिशा देता है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने की बात कही है।

📲 समाचार सीधे व्हाट्सएप पर पाएं
देश-दुनिया की राजनीति, विकास और सामाजिक विषयों पर ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।
👇
🔗 WhatsApp Group Join Link





Related Post