GLOBE

आत्मनिर्भर भारत की दिशा में यूपी का ऐतिहासिक कदम

लखनऊ | रक्षा आत्मनिर्भरता की दिशा में उत्तर प्रदेश ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में पीटीसी इंडस्ट्रीज की सिस्टम इंटीग्रेशन फैसिलिटी का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अब केवल एक विचार नहीं, बल्कि साकार होती हकीकत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अब अपने रक्षा उत्पादन में दुनिया के सामने आत्मविश्वास से खड़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 11 वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। भारत आज चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना चुका है। रक्षा क्षेत्र में भी प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में देश ने ऐतिहासिक प्रगति की है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि भारत जो कभी रक्षा जरूरतों के लिए अन्य देशों पर निर्भर था, अब न केवल अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति कर रहा है बल्कि मित्र देशों को भी रक्षा आपूर्ति में सहयोग कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल आत्मनिर्भरता का प्रतीक नहीं, बल्कि रोजगार सृजन का भी बड़ा माध्यम बन चुका है। पीटीसी इंडस्ट्रीज ने 50 एकड़ में 1000 करोड़ रुपये का निवेश कर लखनऊ में स्ट्रैटेजिक मैटेरियल टेक्नोलॉजी कॉम्प्लेक्स स्थापित किया है, जो इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां स्ट्रैटेजिक मैटेरियल से लेकर रेडी-टू-फिट क्रिटिकल कंपोनेंट तक, संपूर्ण सप्लाई चेन की क्षमता विकसित हो चुकी है। लखनऊ, कानपुर, अलीगढ़, झांसी, आगरा और चित्रकूट के डिफेंस कॉरिडोर नोड्स पूरी क्षमता से कार्यरत हैं। साथ ही आईआईटी और एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी जैसे संस्थानों का तकनीकी सहयोग प्रदेश को मजबूती प्रदान कर रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ब्रह्मोस एयरोस्पेस और पीटीसी इंडस्ट्रीज का यह प्रोजेक्ट प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन की ओर बढ़ता हुआ कदम है। भारत अब अपने एयरो इंजन और एडवांस प्रोपेल सिस्टम के निर्माण में भी आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीटीसी इंडस्ट्रीज जैसी इकाइयां युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोल रही हैं। यह सिर्फ एक उद्योग नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा, “जब भारत का युवा अपनी मातृभूमि की रक्षा के उपकरण स्वयं बनाएगा, तभी ‘मेक इन इंडिया’ का असली अर्थ साकार होगा।”

📲 समाचार सीधे व्हाट्सएप पर पाएं
देश-दुनिया की राजनीति, विकास और सामाजिक विषयों पर ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।
👇
🔗 WhatsApp Group Join Link

Exit mobile version