
मनीला। शैरी सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रौशन किया है। उन्होंने मिसेज यूनिवर्स 2025 का खिताब जीतकर भारत के लिए एक ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। सबसे खास बात यह है कि यह पहली बार है, जब किसी भारतीय महिला ने यह प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया है।
यह प्रतियोगिता फिलीपींस के मनिला स्थित ओकाडा होटल में आयोजित की गई थी, जिसमें दुनिया भर के 120 देशों की प्रतिभागियों ने भाग लिया था। शैरी सिंह ने न केवल अपनी सुंदरता और व्यक्तित्व से सभी को प्रभावित किया, बल्कि उन्होंने फिनाले राउंड में अपनी बुद्धिमत्ता और सामाजिक जागरूकता से जुड़े सवालों के जवाब देकर निर्णायक मंडल का दिल जीत लिया।
शैरी सिंह की यह जीत भारतीय महिलाओं के सशक्तिकरण का प्रतीक है। इस जीत के साथ ही भारत ने वैश्विक सौंदर्य प्रतियोगिताओं के पटल पर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर ली है। आपको बता दें, इससे पहले शैरी ने मिसेज इंडिया 2025 का खिताब जीता था, जिसके बाद ही उन्हें मिसेज यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया था।
सफलता का सफर: मिसेज इंडिया से मिसेज यूनिवर्स तक
शैरी सिंह की यात्रा प्रेरणादायक रही है। मिसेज इंडिया का खिताब जीतने के बाद उन्होंने मिसेज यूनिवर्स मंच के लिए कड़ी तैयारी की। उन्होंने अपने देश की संस्कृति, कला और सामाजिक कार्यों को वैश्विक मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। फिलीपींस में हुए फिनाले में जब शैरी सिंह के नाम की घोषणा हुई, तो हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उनकी जीत को देश-विदेश के कोने-कोने से बधाइयाँ मिल रही हैं।
शैरी सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “यह सिर्फ मेरी जीत नहीं है, यह हर उस भारतीय महिला की जीत है जो सपने देखने की हिम्मत रखती है। मैं इस मंच का उपयोग महिलाओं के स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में काम करने के लिए करना चाहती हूँ।”
यह ऐतिहासिक उपलब्धि भारत के लिए गर्व का क्षण है और इसने वैश्विक सौंदर्य पटल पर देश की उपस्थिति को और भी मजबूत किया है।