ग्राम पंचायत खभराभार (कुशीनगर) में ग्रामीण विकास को नई गति देने के लिए मंगलवार को एक बड़ी पहल हुई। यहां लगभग दो करोड़ साढ़े सात लाख रुपये की लागत से बनने वाली पिच सड़क का शिलान्यास गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अतुल सिंह और ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष विशाल सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष अतुल सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार का मुख्य उद्देश्य गांवों का समग्र विकास करना है। उन्होंने कहा कि गांव के गरीब और वंचित तबके को रोजगार, आवास, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि केंद्र और प्रदेश की सरकार ने शहर और गांवों को सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं से जोड़कर विकास को नई दिशा दी है।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख संघ के जिला अध्यक्ष विशाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में ऐतिहासिक विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांव का हर व्यक्ति खुशहाल है, भय और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया गया है और अपराधी प्रदेश छोड़ चुके हैं। अब सड़क, बिजली और पानी जैसी सुविधाओं से गांव मुख्यधारा से जुड़ रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर अधिशासी अभियंता राजेश निगम और रंजीत प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों का आभार जताया। मौके पर सहायक अभियंता अविनाश मिश्रा, जेई दयाराम पासवान, ग्राम प्रधान प्रेम सागर साहनी, दिनेश सिंह, उदयभान सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
📲 समाचार सीधे व्हाट्सएप पर पाएं
देश-दुनिया की राजनीति, विकास और सामाजिक विषयों पर ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।
👇
🔗 WhatsApp Group Join Link