बरवर (खीरी) कस्बे में शारदीय नवरात्रि के नवें दिन माँ सिद्धिदात्री की आराधना के साथ प्राचीन परंपरा बरोसी पूजा का आयोजन हुआ। जगदम्बा माता मंदिर परिसर में देविस्थान जीर्णोद्धार प्रबंध समिति द्वारा विधिविधान से पूजा-पाठ और हवन सम्पन्न कराया गया। पंडित प्रेमबाबू शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान पूरे कराए।

पूजन के बाद परंपरा अनुसार कस्बे में ऐतिहासिक बरोसी यात्रा निकाली गई। मुरादपुर निवासी पंडा पंकज ने जलती बरोसी लेकर श्रद्धालुओं के साथ नगर की लगभग 8 किलोमीटर परिक्रमा 45 मिनट में पूरी की। इस दौरान हजारों श्रद्धालु ‘जय माता दी’ के उद्घोष के साथ शामिल हुए। यात्रा के मार्ग पर श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा भी हुई, वहीं नगरवासियों ने जगह-जगह स्वागत कर इस परंपरा को जीवंत बनाए रखा।
कस्बे और आसपास के सैकड़ों गांवों से बड़ी संख्या में लोग इस अवसर पर पहुंचे। धार्मिक आयोजन में सभी समाज और संप्रदायों के लोग माँ दुर्गा की भक्ति में लीन होकर सहभागी बने। शोभायात्रा में बैंड-बाजों की धुन पर भक्तिमय माहौल और मां के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा।
कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन की सक्रियता रही। एसडीएम मोहम्मदी, पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह, थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह और बरवर चौकी प्रभारी अरविन्द कुमार तिवारी लगातार मौजूद रहे।
देवस्थान प्रबंध समिति अध्यक्ष धर्मेश शर्मा ने आए हुए श्रद्धालुओं, नगरवासियों और प्रशासन का आभार जताया। इस अवसर पर शनिदेव समिति अध्यक्ष विमल शुक्ला, बीरबल कुशवाहा, योगेश, अनूप दीक्षित, रामचंद्र सक्सेना, सत्यपाल कुशवाहा, अभिलाष गुप्ता और नगर पंचायत अध्यक्ष संजय शर्मा समेत बड़ी संख्या में समिति सदस्य एवं भक्तगण मौजूद रहे।
📲 समाचार सीधे व्हाट्सएप पर पाएं
देश-दुनिया की राजनीति, विकास और सामाजिक विषयों पर ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।
👇
🔗 WhatsApp Group Join Link

