November 13, 2025

Delhi BJP के पहले अध्यक्ष विजय कुमार मल्होत्रा का 94 वर्ष की आयु में निधन

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली बीजेपी के पहले अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा का सोमवार सुबह निधन हो गया। 94 वर्षीय मल्होत्रा पिछले कुछ दिनों से एम्स अस्पताल में भर्ती थे, जहां इलाज के दौरान सुबह लगभग 6 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

3 दिसंबर 1931 को लाहौर (अब पाकिस्तान) में जन्मे मल्होत्रा का जीवन जनसंघ से शुरू होकर बीजेपी तक फैला रहा। उन्होंने जनसंघ काल से ही संघ की विचारधारा को दिल्ली में मजबूत करने का काम किया। वह दिल्ली प्रदेश जनसंघ के अध्यक्ष (1972-75) और दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष (1977-80 और 1980-84) रहे।

ads

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा कि प्रो. मल्होत्रा का जीवन सादगी और जनसेवा की मिसाल रहा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका जाना भाजपा परिवार और भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।

मल्होत्रा का राजनीतिक करियर बेहद लंबा और उपलब्धियों से भरा रहा। वे पांच बार सांसद और दो बार विधायक चुने गए। 1999 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने दक्षिण दिल्ली सीट से पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को हराकर बड़ी राजनीतिक जीत दर्ज की थी। वर्ष 2004 में वे दिल्ली से एकमात्र भाजपा सांसद बने थे।

राजनीति के साथ-साथ मल्होत्रा शिक्षा और खेल प्रशासन में भी सक्रिय रहे। उन्होंने हिंदी साहित्य में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की थी। दिल्ली में शतरंज और तीरंदाजी क्लबों के संचालन में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही।

बीजेपी के दिग्गज नेताओं अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के साथ राजनीति की शुरुआत करने वाले विजय मल्होत्रा को एक ईमानदार और बेदाग छवि वाले नेता के रूप में याद किया जाता है। उनका योगदान राजनीति, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

📲 समाचार सीधे व्हाट्सएप पर पाएं
देश-दुनिया की राजनीति, विकास और सामाजिक विषयों पर ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।
👇
🔗 WhatsApp Group Join Link

Related Post