November 13, 2025

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना: 281 हिंदू जोड़े, 40 मुस्लिम जोड़े बने हमसफ़र

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना बहराइच में 281 हिंदू जोड़े और 40 मुस्लिम जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

बहराइच। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सोमवार को बहराइच के गेंद घर परिसर में भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर 281 हिंदू जोड़े वैदिक मंत्रों के साथ परिणय सूत्र में बंधे, वहीं 40 मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न कराया गया। समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों और नगरीय निकायों से आए जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ।

ads

कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद बहराइच डॉ. आनन्द गोंड ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। मुख्य मंच पर वैदिक रीति-रिवाजों के साथ कन्या पूजन और कन्यादान संपन्न हुआ। इस दौरान पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी, नानपारा विधायक रामनिवास वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय और भाजपा जिला उपाध्यक्ष रणविजय सिंह ने यजमान बनकर कार्यक्रम में सहभागिता की।

सामूहिक विवाह योजना में जनप्रतिनिधियों के साथ जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी और अन्य अधिकारियों ने भी भाग लिया। गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी ने समारोह को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. आनन्द गोंड ने कहा कि समाज कल्याण विभाग की योजनाएं गरीबों के लिए वरदान हैं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना इसी कड़ी का हिस्सा है, जिससे हजारों गरीब परिवारों की बेटियों का विवाह संपन्न हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत इस वर्ष बजट को दोगुना कर प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की सहायता राशि तय की गई है। साथ ही प्रदेश की एक लाख कन्याओं का विवाह कराने का लक्ष्य रखा गया है।

सांसद ने कहा कि योगी सरकार गरीबों और वंचित वर्ग की बेहतरी के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने बहराइच की जनता की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया।

समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद दिया। इसके अलावा सभी को वैवाहिक सामग्री और मिष्ठान का वितरण भी किया गया। विवाह समारोह के दौरान गेंद घर परिसर भावुक पलों का गवाह बना और ‘बाबुल का आंगन’ जैसे दृश्य उपस्थित लोगों की आंखें नम कर गए।

📲 समाचार सीधे व्हाट्सएप पर पाएं
देश-दुनिया की राजनीति, विकास और सामाजिक विषयों पर ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।
👇
🔗 WhatsApp Group Join Link

Related Post