कुशीनगर। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने स्पष्ट कहा कि योगी सरकार अराजकता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। सभी धर्मों का सम्मान होना चाहिए, लेकिन गुंडागर्दी और उदंडता को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य एजेंडा विकास और सुरक्षा है और इसी दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।
कप्तानगंज कस्बे में नवनिर्मित हीरो एजेंसी के लोकार्पण अवसर पर पहुंचे मंत्री ने कहा कि पूरे देश में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सड़कों का सशक्त जाल बिछाया जा रहा है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पिछड़े समाज और किसानों के लिए भी योजनाएं संचालित हो रही हैं। प्रधानमंत्री सम्मान निधि से लेकर शिक्षा, आवास और बेटियों के विवाह तक की जिम्मेदारी सरकार उठा रही है।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयास से शिक्षा और चिकित्सा सेवाएं अब अधिक सुगम और किफायती हुई हैं। वहीं, राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापारियों के हित को देखते हुए जीएसटी में कटौती की गई है, जिससे आमजन को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि गरीब और बुजुर्गों के लिए पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध है।
मंत्री ने यह भी कहा कि योगी सरकार गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी निभा रही है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी परिवार आर्थिक तंगी के कारण असुविधा का सामना न करे। इस अवसर पर पूर्व विधायक और गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अतुल सिंह सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मंत्री का स्वागत किया।
लोकार्पण कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार और दीप प्रज्वलन के साथ संपन्न हुआ। अतिथियों ने कहा कि नवनिर्मित एजेंसी क्षेत्र के लिए रोजगार और विकास का नया द्वार साबित होगी। नवरात्रि के पावन पर्व पर हुए इस लोकार्पण से क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
कार्यक्रम में कुशीनगर सांसद विजय दुबे, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस कप्तान केशव कुमार, विधायक विनय प्रकाश गौड़ समेत तमाम जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को रोजगार और क्षेत्रीय विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
📲 समाचार सीधे व्हाट्सएप पर पाएं
देश-दुनिया की राजनीति, विकास और सामाजिक विषयों पर ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।
👇
🔗 WhatsApp Group Join Link