November 13, 2025

सपनों को पंख दो, हार का नाम तक मत लो : आईएएस मनीषा धार्वे ने बेटियों में भरी नई उड़ान

आईएएस मनीषा धार्वे ने मिशन शक्ति कार्यक्रम में छात्राओं को करियर और संघर्ष पर दिया संदेश

लखीमपुर खीरी। आईएएस मनीषा धार्वे ने शनिवार को मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत आयोजित “टॉक शो विथ आइडियल” में छात्राओं से सीधा संवाद किया। सनातन धर्म सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रांगण में हुए इस कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएएस ने न केवल अपनी सफलता और संघर्षों के अनुभव साझा किए, बल्कि छात्राओं को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस भी दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती और माँ दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जीजीआईसी की प्रधानाचार्य डॉ. शालिनी दुबे और उपप्रधानाचार्य डॉ. सीमा मिश्रा भी मौजूद रहीं। पूरे सभागार में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला। मनीषा धार्वे ने कहा कि कंप्यूटर तकनीक आज की सबसे बड़ी ताकत है। हर लड़की को इसका ज्ञान होना चाहिए और इसका प्रयोग सकारात्मक दिशा में करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को संदेश दिया कि जिंदगी में कभी समझौता न करें और हार मानने का सवाल ही नहीं उठता।

ads

छात्राओं ने टॉक शो के दौरान करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं और व्यक्तिगत चुनौतियों से जुड़े सवाल पूछे। मनीषा धार्वे ने हर प्रश्न का धैर्यपूर्वक उत्तर दिया। उन्होंने तैयारी की रणनीति, समय प्रबंधन और असफलताओं से सीखने के महत्व पर जोर दिया। उनका सरल और आत्मीय अंदाज छात्राओं के दिलों को छू गया।

टॉक शो के दौरान छात्राओं की आंखों में आत्मविश्वास और उत्साह साफ झलक रहा था। हर उत्तर के बाद सभागार तालियों से गूंज उठा। कई छात्राओं ने कहा कि आईएएस मनीषा धार्वे की बातें उनके जीवन में नई प्रेरणा और सपनों की लौ जगा गई हैं।

📲 समाचार सीधे व्हाट्सएप पर पाएं
देश-दुनिया की राजनीति, विकास और सामाजिक विषयों पर ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।
👇
🔗 WhatsApp Group Join Link


            
    

Related Post