उत्तर प्रदेश से यूपी मानसून विदाई की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रदेश के पश्चिमी जिलों से बुधवार को मानसून लौट गया, जबकि आने वाले दिनों में पूर्वांचल और मध्यवर्ती जिलों से भी मानसून विदा ले लेगा। मौसम विभाग के अनुसार, इस बार यूपी में औसतन पांच फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।
हालांकि, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव क्षेत्र के असर से 25 से 28 सितंबर के बीच प्रदेश के दक्षिणी और मध्यवर्ती हिस्सों में छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। बुधवार को सोनभद्र में 16 मिमी, बलिया और गाजीपुर सहित कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर व बहराइच में हल्की बारिश दर्ज की गई।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल से मानसून पहले ही लौट चुका है। अब यूपी में भी धीरे-धीरे मानसून विदा हो रहा है। पूर्वी यूपी में अब तक 15% कम, जबकि पश्चिमी यूपी में 13% ज्यादा बारिश दर्ज हुई। समूचे प्रदेश में औसतन पांच प्रतिशत कम बारिश हुई है।
राजधानी लखनऊ में बीते दो दिन से उमस और आभासी गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री और न्यूनतम 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वैज्ञानिकों के अनुसार, 25 और 26 सितंबर को लखनऊ में बूंदाबांदी के संकेत हैं, जिससे गर्मी से अस्थायी राहत मिलने की संभावना है।
📲 समाचार सीधे व्हाट्सएप पर पाएं
देश-दुनिया की राजनीति, विकास और सामाजिक विषयों पर ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।
👇
🔗 WhatsApp Group Join Link