महोबा से बड़ा खुलासा हुआ है। जिले के जैतपुर विकास खंड में तैनात ग्राम सचिव भूपेंद्र सोनकिया और ब्रजेश कुमार पर किसानों का पैसा हड़पने का गंभीर आरोप लगा है। किसानों का कहना है कि सचिवों ने ग्राम प्रधान और अन्य लोगों के साथ मिलकर लाखों रुपये का फर्जीवाड़ा किया है।
आरोप है कि वर्ष 2022-23 और 2023-24 के दौरान किसानों के नाम पर चेक काटे गए, लेकिन रकम सचिव और प्रधान की मिलीभगत से हड़प ली गई। किसान जगदीश का कहना है कि उसने भूसा क्रय किया था, लेकिन भुगतान के लिए चेक हेमराज के नाम से काट दिया गया। किसानों के मुताबिक करीब ₹2.52 लाख की राशि एक बार नहीं बल्कि दो बार इस तरह हड़प ली गई।

ग्राम पंचायत भटेवरा खुर्द से सामने आए इस मामले ने पंचायत व्यवस्था की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। किसानों का कहना है कि ग्राम सचिवों का यह भ्रष्टाचार जिले के अधिकारियों की अनदेखी के कारण पनप रहा है। आरोप है कि मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी जानते हुए भी कार्रवाई नहीं कर रहे।
पीड़ित कृषकों ने जिला अधिकारी से गुहार लगाई है कि उनकी मेहनत की कमाई वापस दिलाई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि अफसरों की मिलीभगत से सचिवों को भ्रष्टाचार की खुली छूट मिली हुई है।
ग्राम प्रधान नरेंद्र यादव, ग्राम सचिव भूपेंद्र सोनकिया और ब्रजेश कुमार पर किसानों का पैसा लौटाने की जिम्मेदारी तय करने की मांग उठी है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब अधिकारी ही अनदेखी करेंगे, तो विकास कार्य कैसे होंगे? क्या जिले के अफसर इस भ्रष्टाचार पर लगाम लगाएंगे या फिर सिंडिकेट को बढ़ावा देते रहेंगे—यह अब बड़ा सवाल बन गया है।
📲 समाचार सीधे व्हाट्सएप पर पाएं
देश-दुनिया की राजनीति, विकास और सामाजिक विषयों पर ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।
👇
🔗 WhatsApp Group Join Link

