November 14, 2025

विधायक पर गंभीर आरोप, ऊंचाहार प्रधान बोले– आत्महत्या को मजबूर

रायबरेली। ऊंचाहार विधान सभा क्षेत्र में ग्राम पंचायत ऊंचाहार देहात के प्रधान धनराज यादव ने विधायक मनोज पाण्डेय पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शनिवार को शहर के सारस होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में उनका आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने कहा कि विधायक की प्रताड़ना और आतंक से ऊंचाहार की जनता और प्रधान त्रस्त हैं। यादव ने आरोप लगाया कि यदि हालात ऐसे ही रहे तो वह प्रधान पद से इस्तीफा देकर आत्महत्या करने के लिए विवश होंगे।

ads

धनराज यादव ने दावा किया कि वह लगातार तीन बार ग्राम प्रधान चुने गए और 15 वर्षों से जनता की सेवा कर रहे हैं। लेकिन पिछले छह वर्षों से विधायक मनोज पाण्डेय ने ग्राम प्रधानों को “नींबू की तरह निचोड़कर” शोषण किया है। उन्होंने कहा कि “आज हालात ऐसे हैं कि मैं न जनता की सेवा कर पा रहा हूँ और न ही चैन से जी पा रहा हूँ। कई बार तो मन में आता है कि मुख्यमंत्री आवास पर जाकर आत्महत्या कर लूँ।”

यादव ने आरोप लगाया कि विधायक ने फर्जी आदेशों और हस्ताक्षरों के आधार पर जांच कराई। जिन प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो चुका था, उनकी जगह मौजूदा प्रधानों को फंसाया गया। उन्होंने कहा कि केवल पिछड़ी जाति होने के कारण उन्हें दो हजार रुपये के गबन का आरोपी बना दिया गया, जबकि अन्य उच्च जाति प्रधानों को जांच से बाहर कर दिया गया।

ads
ads

प्रधान ने आगे आरोप लगाया कि विधायक के दबाव में ग्राम विकास अधिकारी रुद्ध प्रताप सिंह को भी निलंबित किया गया, जिसके कारण वे आज जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि विधायक के पास दर्जनों पुलिसकर्मी और स्कॉर्ट पायलट क्यों रहते हैं, जबकि हकीकत यह है कि उन्हीं के आतंक से पूरा क्षेत्र भयभीत है।

यादव ने आरोप लगाया कि विधायक ने गरीबों की जमीनों पर कब्जा किया, बिना वसूली के कोई सरकारी काम नहीं होने दिया और यहां तक कि एनटीपीसी को अपना कैंप कार्यालय बना लिया। उन्होंने कहा कि सत्ता के बल पर विधायक ने लगभग 200 करोड़ की काली संपत्ति अर्जित की है। यादव ने यह भी बताया कि विधायक के भतीजे यश पाण्डेय ने भी उनके खिलाफ परिवार से संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया था।

ग्राम प्रधान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर कहा कि प्रधानों और गरीब जनता की इज्जत, दौलत और जीवन की रक्षा की जाए। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह इस्तीफा दे देंगे। यादव ने कहा— “अब ऊंचाहार के प्रधान डरने वाले नहीं। सत्ता और बंदूक से जनता को दबाया जा सकता है, वोट नहीं। यदि मुझे या मेरे परिवार को कुछ हुआ तो इसकी जिम्मेदारी विधायक मनोज पाण्डेय और उनके साले आशीष तिवारी की होगी।”

📲 समाचार सीधे व्हाट्सएप पर पाएं
देश-दुनिया की राजनीति, विकास और सामाजिक विषयों पर ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।
👇
🔗 WhatsApp Group Join Link





Related Post