रायबरेली। भीषण गर्मी से बेहाल लोगों के लिए बुधवार को रायबरेली बारिश राहत लेकर आई। सुबह से ही आसमान में घने काले बादल मंडरा रहे थे और अपराह्न करीब 3:45 बजे जिले के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब 15 मिनट तक लगातार हुई बारिश ने उमस भरे मौसम से बड़ी राहत दी।
लंबे समय से चिलचिलाती गर्मी झेल रहे लोगों ने बारिश में भीगकर सुकून महसूस किया। योगाचार्य बृजमोहन और समाजसेवी प्रदीप पांडे ने बताया कि यह बारिश किसानों के लिए संजीवनी साबित होगी। उन्होंने कहा कि अब धान की रोपाई का कार्य प्रारंभ हो सकेगा, जो कृषि चक्र के लिए अत्यंत आवश्यक है।
👉 Read it also : पोस्टमार्टम हाउस की बदहाली पर फूटा सीडीओ का गुस्सा, गैरहाजिर स्टाफ पर गिरी गाज
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में मानसून ने दस्तक तो दे दी है, लेकिन वह अब भी ठिठका हुआ है। कई जिलों में दिनभर बादलों की आवाजाही और आंशिक बूंदाबांदी देखने को मिली। रायबरेली में बारिश के साथ तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई, जिससे दिनभर की उमस से लोगों को राहत मिली।

इस दौरान जिले के कुछ हिस्सों में हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, लखनऊ, उन्नाव, अमेठी, कानपुर नगर व देहात जैसे जिलों में भी अगले कुछ दिनों तक इसी प्रकार की स्थिति बनी रह सकती है।
गौरतलब है कि प्रदेश के किसान मानसून की पहली जोरदार बारिश का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे। रायबरेली में हुई इस बारिश से अब खेतों में हलचल बढ़ेगी और धान के अलावा दूसरी खरीफ फसलों की तैयारी भी तेज हो सकेगी। जिला प्रशासन ने ग्रामीण इलाकों में जलभराव और पेड़ गिरने जैसी घटनाओं की निगरानी के निर्देश भी जारी किए हैं।
📲 समाचार सीधे व्हाट्सएप पर पाएं
देश-दुनिया की राजनीति, विकास और सामाजिक विषयों पर ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।
👇
🔗 WhatsApp Group Join Link