August 12, 2025

करंट प्रवाहित बाड़े में फंसा युवक, मौके पर मौत से मचा कोहराम

बहराइच में खेत की करंट युक्त बाड़ ने ली युवक की जान, एक माह पहले हुई थी शादी

बहराइच (कैसरगंज)। खेतों में लगाई गई करंट प्रवाहित बाड़ ने बुधवार सुबह एक नवविवाहित युवक की जान ले ली। कैसरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोडहिया नंबर 1 स्थित राजवंशी पुरवा निवासी 28 वर्षीय देशराज की खेत के पास करंट प्रवाहित तारों की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया है।

बताया जा रहा है कि देशराज बुधवार तड़के लगभग 5 बजे घर से नित्य क्रिया के लिए निकला था। रास्ते में वह पड़ोसी श्याम लाल यादव के खेत के पास पहुंचा, जहां जानवरों से फसल बचाने के लिए लगाए गए तारों में किसान ने करंट दौड़ा रखा था। अंधेरे में तार की मौजूदगी का आभास न होने के कारण देशराज उसमें उलझ गया। करंट लगते ही वह अचेत होकर गिर पड़ा।

गांव के कुछ लोग जो सुबह टहलने निकले थे, उन्होंने देशराज को बेहोश देखा और तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन जब तक मौके पर पहुंचते और इलाज के लिए ले जाते, तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की एक माह पूर्व ही शादी हुई थी। उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों में इस तरह करंट प्रवाहित तार लगाना एक खतरनाक चलन बनता जा रहा है, जिससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं।

सूत्रों के अनुसार, कुछ वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों और कृषि अधिकारियों को निर्देशित किया था कि किसानों को करंट प्रवाहित तार लगाने से रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए। इसके बावजूद कई गांवों में यह जानलेवा उपाय अब भी प्रचलित है। इसका शिकार जानवरों के साथ-साथ अब इंसान भी हो रहे हैं।

स्थानीय प्रशासन की ओर से भी ऐसे मामलों में सतर्कता बरतने और कानून के तहत कार्रवाई करने की बात कही जा रही है। हालांकि, घटना के बाद अब एक बार फिर खेतों में करंट प्रवाहित तारों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि जांच के बाद दोषी के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

📲 समाचार सीधे व्हाट्सएप पर पाएं
देश-दुनिया की राजनीति, विकास और सामाजिक विषयों पर ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।
👇
🔗 WhatsApp Group Join Link

Related Post