June 18, 2025

विकसित कृषि संकल्प अभियान: किसानों को दी गई आधुनिक खेती की जानकारी

विकसित कृषि संकल्प अभियान में किसानों को फसल बीमा व जैविक खेती की जानकारी दी गई

बहराइच। विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत बहराइच जनपद की ग्राम पंचायत सेवढ़ा सहित कई अन्य गांवों में किसानों के लिए विशेष कृषि गोष्ठियों का आयोजन किया गया। यह अभियान 29 मई से 12 जून 2025 तक संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य किसानों को नवीनतम फसल उत्पादन तकनीकों, योजनाओं और वैज्ञानिक तरीकों से अवगत कराना है। इस अवसर पर पयागपुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि समय प्रसाद मिश्रा ने किसानों से वैज्ञानिक पद्धति अपनाने की अपील करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की यह पहल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार कृषि वैज्ञानिकों और कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सीधे गांवों में भेजकर किसानों को धान, गेहूं और खरीफ फसलों के विविधिकरण संबंधी जानकारियां मुहैया करा रही है। मिश्रा ने कहा कि पारंपरिक खेती के साथ-साथ किसानों को जैविक व प्राकृतिक खेती, फसल बीमा और नई तकनीकों का भी लाभ उठाना चाहिए।

इस अभियान की श्रृंखला में ब्लॉक पयागपुर के ग्राम सेवढ़ा, पैड़ी, हरवा हरबंशपुर तथा नवाबगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत गोविंदपुर पंडित, बनकसही व धर्मनगर में कृषि वैज्ञानिकों और अधिकारियों की टीम ने किसानों को खरीफ फसल की बुवाई से पहले प्रमाणित बीजों के चयन, बीज शोधन, भूमि सुधार, जैविक खाद, ट्राइकोडर्मा के प्रयोग, संतुलित उर्वरक के उपयोग और खेत की उचित तैयारी जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान सम्मान निधि योजना, डिजिटल क्रॉप सर्वे, फार्मर रजिस्ट्री और प्राकृतिक खेती के महत्व को रेखांकित करते हुए किसानों को इनसे जुड़ने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नंदन सिंह, डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. संदीप गौतम, डॉ. सुनील कुमार एवं डॉ. उमेश कुमार ने सहभागिता की।

वरिष्ठ प्राविधिक सहायक कुलदीप वर्मा ने कहा कि इन गोष्ठियों के माध्यम से ग्राम स्तर पर ही किसानों को विशेषज्ञों से मिलने और अपनी समस्याओं का समाधान पाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने किसानों को फसल उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ जल और भूमि संरक्षण के उपाय भी अपनाने की सलाह दी।

इस आयोजन में प्रगतिशील कृषक मुन्ना लाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। किसानों ने अभियान को उपयोगी बताते हुए ऐसी गोष्ठियों के आयोजन को नियमित करने की मांग की।

📲 समाचार सीधे व्हाट्सएप पर पाएं
देश-दुनिया की राजनीति, विकास और सामाजिक विषयों पर ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।
👇
🔗 WhatsApp Group Join Link

Related Post