GLOBE

जनपद में 53 खेत तालाब बनेंगे, किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ

.

बहराइच। खेत तालाब योजना के अंतर्गत जनपद के किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. सौरभ वर्मा ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आरकेवीवाई) के अंतर्गत जिले में 53 खेत तालाबों का निर्माण प्रस्तावित है। इस योजना का उद्देश्य वर्षा जल संचयन के माध्यम से सिंचाई, मत्स्य पालन और अन्य कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

प्रत्येक तालाब के निर्माण पर अनुमानित लागत ₹1,05,000 है, जिसमें से किसानों को 50 प्रतिशत यानी ₹52,500 की सब्सिडी दी जाएगी। शेष राशि लाभार्थी को स्वयं वहन करनी होगी। खेत तालाब योजना से किसानों को वर्षा रहित मौसम में ड्रिप और स्प्रिंकलर इरीगेशन जैसी तकनीकों के माध्यम से जीवन रक्षक सिंचाई की सुविधा मिलेगी।

डॉ. वर्मा के अनुसार, यह योजना केवल सिंचाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे किसान मत्स्य पालन, सिंघाड़ा उत्पादन व मोती पालन जैसे विकल्पों से भी आय बढ़ा सकेंगे। कृषि विभाग, लखनऊ से प्राप्त लक्ष्य के अनुसार, इस वर्ष कुल 53 तालाबों का निर्माण होना है। इसमें उद्यान विभाग से स्प्रिंकलर सुविधा प्राप्त किसानों के लिए 21 तालाबों का निर्माण प्रस्तावित है। इनमें 19 सामान्य/पिछड़ा वर्ग व 2 अनुसूचित जाति के लाभार्थी शामिल हैं।

इसके अलावा, सामान्य श्रेणी के लिए 32 तालाबों का निर्माण होगा, जिसमें 29 सामान्य/पिछड़ा वर्ग, 2 अनुसूचित जाति और 1 अनुसूचित जनजाति के लाभार्थी चयनित किए जाएंगे। इन 32 तालाबों पर निर्माण के पश्चात स्प्रिंकलर सिस्टम स्थापित करना अनिवार्य होगा।

बुकिंग प्रक्रिया को लेकर अधिकारियों ने बताया कि यह “पहले आओ पहले पाओ” के आधार पर होगी। किसान https://upagriculture.up.gov.in वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। बुकिंग के लिए ₹1000 टोकन मनी जमा करनी होगी। चयनित किसानों को योजना की धनराशि दो किश्तों में डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके खातों में भेजी जाएगी।

यह योजना किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और सिंचाई के वैकल्पिक साधन विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सरकार की ओर से यह प्रयास है कि जल संरक्षण को बढ़ावा दिया जाए और किसान को हर मौसम में उत्पादन में निरंतरता मिले।

📲 समाचार सीधे व्हाट्सएप पर पाएं
देश-दुनिया की राजनीति, विकास और सामाजिक विषयों पर ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।
👇
🔗 WhatsApp Group Join Link

Exit mobile version