रायबरेली। पुण्यश्लोका अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर रायबरेली में एक विशेष नि:शुल्क योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आध्यात्मिक सेवा संस्थान धर्म क्षेत्र कुरुक्षेत्र, हरियाणा की मातृभूमि सेवा मिशन की जिला इकाई ने किया। यह शिविर शनिवार को प्रातः 5 बजे से शहीद स्मारक राणा बेनी माधव बक्श सिंह पार्क में आरंभ हुआ।
इस आयोजन का उद्देश्य माता अहिल्याबाई होलकर के जीवन मूल्यों — न्याय, धर्म और सेवा — को जनमानस में प्रचारित करना रहा।

जिला संयोजक प्रदीप पांडेय ने अपने वक्तव्य में कहा कि पुण्यश्लोका अहिल्याबाई होलकर सिर्फ एक शासिका नहीं थीं, बल्कि वे सेवा, न्याय और धर्म की प्रतीक थीं। उन्होंने कहा, “माता अहिल्याबाई का जीवन समर्पण, संघर्ष और नारी सम्मान की मिसाल है। उनकी जयंती न सिर्फ उन्हें श्रद्धांजलि देने का अवसर है, बल्कि उनके आदर्शों को अपनाने का भी।”
👉 Read it also : भाजपा नेता की गाड़ी से नेपाली युवती बरामद, 5 लाख भारतीय मुद्रा सीज
मुख्य अतिथि लता सिंह ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर भगवान शिव की उपासक थीं और उनका पूरा जीवन नारी शक्ति को समर्पित रहा। उन्होंने अनेक धार्मिक कार्य किए और समाज में महिलाओं को उचित स्थान दिलाने के लिए निरंतर संघर्ष किया।

विशिष्ट अतिथि शशि त्रिपाठी ने उनके योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि माता अहिल्याबाई ने महिलाओं के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने विधवा पुनर्विवाह और महिलाओं की शिक्षा जैसी सामाजिक क्रांतियों को बल दिया।
योगाचार्य बृजमोहन योगाचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि माता अहिल्याबाई ने यह सिद्ध कर दिया कि महिलाओं को सम्मान दिए बिना सशक्त समाज की कल्पना अधूरी है। उनका शासनकाल न्यायप्रियता और जनसेवा के लिए जाना जाता है।

मंडल अध्यक्ष भगवत प्रताप सिंह ने बताया कि अहिल्याबाई एक सामान्य परिवार में जन्मी थीं, लेकिन अपने संघर्ष और कार्यों के बल पर उन्होंने मराठा साम्राज्य की एक सफल और न्यायप्रिय शासिका के रूप में इतिहास में स्थान पाया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे, जिनमें योग प्रशिक्षिका ज्योत्सना दुबे, सोनम गुप्ता, पूजा मौर्या और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल थे। अंत में मुख्य अतिथि लता सिंह और विशिष्ट अतिथि शशि त्रिपाठी ने योग साधिका नीतू पाल को माला पहनाकर पुण्यश्लोका अहिल्याबाई की छवि भेंट की। यह आयोजन नारी सशक्तिकरण और सांस्कृतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा।
📲 समाचार सीधे व्हाट्सएप पर पाएं
देश-दुनिया की राजनीति, विकास और सामाजिक विषयों पर ताज़ा अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें।
👇
🔗 WhatsApp Group Join Link