GLOBE

योगी सरकार के आठ वर्ष पूरे: भाजपा मना रही उत्सव, सीएम ने जारी की पुस्तिका

योगी सरकार के आठ वर्ष पूरे: भाजपा मना रही उत्सव, सीएम ने जारी की पुस्तिका

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रेस वार्ता आयोजित कर सरकार की उपलब्धियों पर आधारित एक पुस्तिका का विमोचन किया। इस अवसर पर ‘सेवा, सुरक्षा और सुशासन नीति’ पर केंद्रित एक डॉक्यूमेंट्री भी जारी की गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया और विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों को रेखांकित किया।

प्रदेश भाजपा ने योगी सरकार के आठ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उत्सव के रूप में विभिन्न कार्यक्रमों की शुरुआत की है। इस क्रम में जिला मुख्यालयों पर तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने किसानों, बेरोजगारों, उद्यमियों और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई अहम कदम उठाए हैं।

ads

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया कि आठ वर्ष पहले यूपी को बीमारू राज्य माना जाता था, लेकिन आज यह प्रदेश अर्थशक्ति के रूप में उभरकर सामने आया है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में किसान आत्महत्याएं आम थीं, लेकिन आज किसानों को समृद्ध बनाने के लिए सरकार ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में आर्थिक सहायता पहुंचाई है। प्रदेश की जीडीपी में 28% की वृद्धि दर्ज की गई है।

ads

सरकार ने किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में सिंचाई व्यवस्था को बेहतर किया गया है और कृषि विज्ञान केंद्रों और कृषि विश्वविद्यालयों की स्थापना की गई है। इसके चलते प्रदेश में दलहनी और तिलहनी फसलों का उत्पादन बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पहले चीनी मिलें बंद होने की कगार पर थीं, लेकिन सरकार ने उन्हें पुनर्जीवित कर छह नई मिलों की स्थापना की है। आज राज्य में 177 लाख लीटर एथेनॉल का उत्पादन किया जा रहा है।

सीएम योगी ने बताया कि 2017 से पहले यूपी में बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती थी। हर दूसरे-तीसरे दिन दंगे होते थे, लेकिन अब प्रदेश में कानून का राज है। हाल ही में संपन्न पुलिस भर्ती में 12,000 से अधिक महिलाओं को शामिल किया गया है। बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जन्म से स्नातक तक 25,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

प्रदेश में बेरोजगारी दर 2017 में 19% थी, जो अब घटकर 3% रह गई है। सरकार ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ योजना के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ा है। ‘विश्वकर्मा श्रम शक्ति योजना’ के तहत उन्हें प्रशिक्षण और टूल्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री अभ्युदय योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की गई है।

ads

सीएम योगी ने कहा कि पहले यूपी की सड़कों की पहचान गड्ढों से होती थी, लेकिन आज प्रदेश में सबसे अधिक एक्सप्रेसवे हैं। छह एक्सप्रेसवे चालू हैं और 11 पर कार्य चल रहा है। राज्य में रेलवे नेटवर्क को भी विस्तार दिया गया है, जिससे जनपद मुख्यालयों को फोर लेन सड़कों से जोड़ा गया है।

ads

योगी सरकार के आठ वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेश भाजपा 14 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनसंवाद करेगी। अभियान के प्रदेश संयोजक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने बताया कि ‘उत्तर प्रदेश का उत्कर्ष-भाजपा सरकार के 8 वर्ष’ के संदेश के साथ भाजपा कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। जिला स्तर पर कार्यशालाओं का आयोजन भी किया जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जाएगा, जिसमें प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता के बीच पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।

Exit mobile version